संभाग स्तरीय स्वास्थ्य समीक्षा बैठक संपन्न

2 Min Read
Advertisement

मौसमी बीमारियों से निपटने विशेष निर्देश जारी

अम्बिकापुर, आज सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में संभागीय मुख्यालय अम्बिकापुर स्थित सभाकक्ष में संभाग स्तरीय मासिक स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी बरसात के मौसम में संभावित डायरिया व अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए रणनीतियां बनाई गईं।

बैठक में आयुक्त श्री दुग्गा ने सभी जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पहुंचविहीन ग्रामों एवं टोलों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए और दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। सर्पदंश के बढ़ते मामलों की आशंका को देखते हुए सभी शासकीय अस्पतालों में एन्टी स्नेक वेनम वैक्सीन की उपलब्धता अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए।

सभी स्वास्थ्य केंद्रों को समय पर संचालन हेतु कहा गया तथा संबंधित कर्मचारियों को मुख्यालय में ही निवास करने का निर्देश जारी किया गया। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कोरिया, सूरजपुर एवं बलरामपुर जिलों की राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। अतः इन जिलों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

पहाड़ी कोरवा एवं पंडो जनजातियों में कुष्ठ और क्षय रोग की रोकथाम के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, अस्पतालों में स्टाफ की कमी होने पर शासन स्तर से पद स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने की बात कही गई।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत कार्ड निर्माण पर बल दिया गया तथा निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित निर्माण एजेंसियों को दिए गए। बायो मेडिकल वेस्ट मेनेजमेंट में कंपनी के जितने भी भुगतान शेष हैं उन्हे तत्काल भुगतान करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में डॉ. अनिल कुमार शुक्ला (संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं), उपसंभागायुक्त श्री आर. के. खुटें, श्रीमती शारदा अग्रवाल,सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अस्पताल सलाहकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *