लापता कबड्डी खिलाड़ी का लाइव फांसी का वीडियो वायरल, सरकंडा में मिला शव

2 Min Read
Advertisement

कुम्हारी निवासी किशोर की मौत से परिजन सदमे में, पुलिस कर रही जांच

बिलासपुर। भिलाई के कुम्हारी थाना क्षेत्र के जंजगिरी में रहने वाले 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी प्रेक्षा साहू का शनिवार सुबह शव सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका के कुटिपारा इलाके में मिला। इससे पहले शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर उसका एक लाइव वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें वह फांसी लगाते हुए नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद परिजन तत्काल बिलासपुर पहुंचे। कुम्हारी पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार प्रेक्षा साहू बीते 15 अप्रैल से लापता था। वह घर से बिना किसी को कुछ बताए निकला था। परिजनों ने पहले उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः 18 अप्रैल को कुम्हारी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी दिन दोपहर में उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लाइव वीडियो सामने आया, जिसमें वह फांसी लगाते नजर आया।

वीडियो देखते ही परिजन स्तब्ध रह गए और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कुम्हारी पुलिस को दी। पुलिस ने जब उसके मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया तो वह बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में मिला। इसके बाद से प्रेक्षा की खोजबीन तेज कर दी गई थी।

शनिवार की सुबह सरकंडा थाना क्षेत्र के कुटिपारा इलाके में एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ मिला, जिसकी पहचान प्रेक्षा साहू के रूप में की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतक के परिजन बिलासपुर पहुंच गए हैं और उनकी उपस्थिति में शव की शिनाख्त हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *