रायगढ़ (छत्तीसगढ़) – रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार पिता और उसके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिता की पत्नी और दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पूंजीपथरा के पठान कॉलोनी निवासी मोहम्मद अशरफ कुरैशी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। बंजारी मंदिर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिता और बेटा घटनास्थल पर ही दम तोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने ट्रक की पहचान और चालक की तलाश के लिए घेराबंदी और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

