राउरकेला में बड़ी चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त

2 Min Read
Advertisement



राउरकेला। प्लांटसाइट पुलिस स्टेशन ने इलेक्ट्रिकल साउंड सिस्टम चोरी के एक बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया समस्त सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला प्लांटसाइट पुलिस स्टेशन में केस क्रमांक 49, दिनांक 12.01.2026 के तहत धारा 331(4)/305(ए)/3(5) बीएनएस में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दविंदर सिंह (59 वर्ष), निवासी सिविल टाउनशिप, राउरकेला हैं। उनकी राउरकेला स्टेशन के पास मधुसूदन मार्ग पर “जगजीत इलेक्ट्रिकल” नाम से इलेक्ट्रिकल साउंड सिस्टम की दुकान है तथा डीएवी लेन में एक गोदाम भी स्थित है।

शिकायत के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:45 बजे दविंदर सिंह ने अपनी दुकान और गोदाम बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 12 जनवरी को जब वे गोदाम पहुंचे तो पाया कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और गोदाम से इलेक्ट्रिकल साउंड सिस्टम, मशीनें, स्पीकर, बॉक्स समेत कई कीमती सामान चोरी हो चुके हैं। इसकी सूचना तुरंत प्लांटसाइट थाना में दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ घोष (19), सुनील साउ उर्फ तुलु (24), सूरज किशन (25), मनोज किंडो (34), दीपक बरवा (24) एवं रोहित किंडो (27) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 आहूजा एम्प्लीफायर, 3 आहूजा स्पीकर, 3 आहूजा पीए एम्प्ली बॉक्स, ऑडियो मिक्सर, माइक्रोफोन, रोबो एलईडी लाइट सहित अन्य इलेक्ट्रिकल साउंड सिस्टम के उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त एक महिंद्रा पिक-अप वाहन और एक यात्री ऑटो भी जब्त किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *