मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बाल गृह, वृद्धाश्रम अन्य संस्थानों का किया निरीक्षण

4 Min Read
Advertisement

बच्चों एवं वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर बांटा स्नेह

सखी सेंटर में महिलाओं की सुरक्षा व त्वरित सहायता पर दिया जोर

नशामुक्ति केंद्र में पहुंच नशा पीड़ितों को नशा नहीं करने बढ़ाया मनोबल

बलरामपुर, 14 सितंबर 2025/ महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बलरामपुर-रामानुजगंज प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला मुख्यालय में संचालित बाल गृह, वृद्धाश्रम, सखी सेंटर एवं नशामुक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारिकी से अवलोकन किया।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बालगृह पहुंचकर बच्चों से बात कर उनका हाल जाना। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, खेलों के बारे में पुछा, जिसका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।

बच्चों ने मंत्री के समक्ष सूर्य नमस्कार कर के भी दिखाया। श्रीमती राजवाड़े ने बच्चों से कहा कि शासन-प्रशासन मिलकर आपके सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रही है। आप सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, खेलकूद में भाग ले और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर सफलता की ओर बढ़े। उन्होंने बच्चों के शयन कक्ष, रसोई घर का अवलोकन भी किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने संस्था संबंधितों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, समग्र देख-रेख की जानकारी ली। उन्होंने संस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम पहुंची। जहां उन्होंने आश्रित बुजुर्गों से आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से बात कर कुछ वक्त उनके साथ साझा किया। मंत्री ने वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के लिए किए जाने वाली व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धा आश्रम परिसर के साथ ही सभी कक्षों का मुआयना किया।

उन्होंने संस्था प्रमुखों को वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के खानपान की विशेष ध्यान रखने की बात कही।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सखी सेंटर पहुँच महिलाओं को हिंसा, उत्पीड़न और आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध किए जाने की जानकारी ली। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सखी सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों से विस्तार से चर्चा भी की।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नशा पीड़ितों से संवाद करते हुए उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों से नशामुक्ति केन्द्र में मिल रही सुविधाओं के बारे में जाना। पीड़ितों ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि यहाँ आकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, पहले से काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं।

मंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सुबह उठकर नियमित रूप से योग करें, जिससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहें। साथ ही मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सभी को नशा से पूर्णतः दूर रहने और भविष्य में पुनः नशा न करने की समझाइश दी। मौके पर मंत्री ने उनके भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यहां से ठीक होकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें।

इस दौरान समाज कल्याण विभाग संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर रमनलाल, अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *