मंत्री टंक राम वर्मा के बयान पर कांग्रेस का तीखा हमला, गांधी अपमान देश स्वीकार नहीं करेगा: वीरेंद्र सिंह बघेल

2 Min Read
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को “देशभक्त” बताए जाने पर कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बघेल ने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह न केवल महात्मा गांधी का अपमान है, बल्कि भारत की आत्मा, संविधान और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों पर सीधा हमला है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की चेतना, नैतिकता और विचारधारा के प्रतीक थे। उन्होंने अहिंसा, सत्य और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर देश को आज़ादी दिलाई। चंपारण सत्याग्रह, दांडी मार्च और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों के जरिए गांधी जी ने करोड़ों भारतीयों को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद भी गांधी जी ने देश को जोड़ने, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और संविधान की भावना के अनुरूप राष्ट्र निर्माण का कार्य किया। सभी धर्मों के सम्मान, कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय तथा नैतिकता आधारित सत्ता की उनकी सोच आज भी भारतीय संविधान की आत्मा में समाहित है।

वीरेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा एक सिद्ध हत्यारे का महिमामंडन करना नैतिक अपराध होने के साथ-साथ संवैधानिक मर्यादाओं का भी उल्लंघन है। नाथूराम गोडसे ने देश की आत्मा पर गोली चलाई थी और किसी भी लोकतांत्रिक समाज में ऐसे व्यक्ति को “देशभक्त” कहना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

कांग्रेस ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मांग की है कि संबंधित मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और सरकार यह स्पष्ट करे कि वह महात्मा गांधी और संविधान के मूल्यों के साथ खड़ी है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “भारत गांधी का देश है, गोडसे की सोच का नहीं। गांधी जी के विचार ही देश को जोड़ते हैं, आगे बढ़ाते हैं और मानवता का रास्ता दिखाते हैं। महात्मा गांधी अमर हैं, उनके विचार अमर हैं। हिंसा नहीं, अहिंसा ही भारत की पहचान है।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *