भोले-भाले किसान से 49 हजार की उठाईगिरी करने वाला दूसरा मुख्य आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read
Advertisement


पुलिस ने ठगी की रकम में से 38 हजार रुपये और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की जब्त

राजपुर | राजपुर थाना क्षेत्र में एक गरीब ग्रामीण किसान से दिनदहाड़े 49,000 रुपये की उठाईगिरी के मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG 15 ED 5697 जब्त की है। अब तक इस मामले में कुल 38,000 रुपये की बरामदगी हो चुकी है।

घटना का पूरा विवरण

घटना दिनांक 02 फरवरी 2026 की है, जब ग्राम डांड खड़ुआ निवासी प्रार्थी निबल साय अपने बेटे जेरोम के साथ सहकारी बैंक राजपुर में धान बिक्री की राशि निकालने आया था। बैंक से 49,000 रुपये नकद मिलने के बाद बेटा निजी कार्य से चला गया और प्रार्थी अकेले पैदल अपने गांव की ओर रवाना हुआ।

इसी दौरान दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आए, तंबाकू मांगने के बहाने बातचीत शुरू की और प्रार्थी के बेटे का नाम पूछ लिया। भरोसा जीतकर आरोपियों ने बेटे को जानने का झांसा देते हुए गांव तक छोड़ने की बात कही और तौलिये में बंधी पूरी रकम ले ली। कुछ दूरी आगे जाकर सामान खरीदने का बहाना बनाकर आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज से खुला मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर थाना प्रभारी राजपुर ने जांच तेज की। CCTV फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

पहले आरोपी की गिरफ्तारी, फिर मुख्य आरोपी दबोचा

दिनांक 07 फरवरी 2026 को पहले आरोपी जेल कुमार पिता रामलाल (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20,000 रुपये बरामद किए गए थे।

इसके बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी
राम सिंह पिता नान साय (27 वर्ष), निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा
को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 18,000 रुपये नकद और मोटरसाइकिल जब्त की गई।

आदतन ठग निकले आरोपी

पूछताछ में आरोपी राम सिंह ने खुलासा किया कि उसका साथी जेल कुमार पूर्व में भी इसी तरह की ठगी में जेल जा चुका है और जमानत पर छूटने के बाद दोनों मिलकर आसपास के इलाकों में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। शेष 11,000 रुपये आरोपियों द्वारा खर्च कर देने की बात स्वीकार की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *