बेटे और दामाद ने मिलकर की पिता की हत्या, पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

3 Min Read
Advertisement

जशपुर । थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम खाड़ामाचा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे और दामाद ने मिलकर 55 वर्षीय व्यक्ति की डंडे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक आनंद सिंह पैंकरा (उम्र 55 वर्ष) का 22 जून की दोपहर अपनी बेटी और दामाद के बीच हो रहे झगड़े में हस्तक्षेप करना जानलेवा साबित हुआ। मृतक की बेटी गीता पैंकरा और उसके पति रोहित पैंकरा (दामाद) के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें मृतक ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान गुस्से में आए दामाद रोहित पैंकरा (उम्र 32 वर्ष, निवासी रूढ़ू केला, थाना लैलूंगा, वर्तमान निवासी खाड़ामाचा) ने डंडे से ससुर के सिर पर वार कर दिया।

घटना को और भयावह बना दिया मृतक के छोटे बेटे सुनील कुमार पैंकरा (उम्र 19 वर्ष), ने, जिसने यह कहते हुए कि “दीदी-जीजा के झगड़े में क्यों पड़ते हो”, अपने ही पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से आनंद सिंह को रायगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना पर रायगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सिर की चोट को मौत का कारण बताए जाने के बाद मामला जशपुर जिले के थाना बागबहार को सौंपा गया।

बागबहार पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की बेटी के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया। हत्या में प्रयुक्त दो डंडों को भी बरामद किया गया है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले की विवेचना और कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक नारायण साहू, आरक्षक राजेंद्र रात्रे, फुलजेंस टोप्पो और नगर सैनिक लालसाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में पिता की हत्या करने वाले बेटे और दामाद को सख्त कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है। पुलिस ऐसे मामलों में Zero Tolerance की नीति पर काम कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *