बिग ब्रेकिंग : रामगढ़ पहाड़ी से गिरी 12 वर्षीय बच्ची, दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाली गई

2 Min Read
Advertisement

उदयपुर : क्रांति कुमार रावत

सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित प्रसिद्ध रामगढ़ पहाड़ी पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डुमरिया सूरजपुर से रामगढ़ दर्शन को आई 12 वर्षीय बॉबी राजवाड़े बंदरों के हमले से घबराकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। बच्ची को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन, रामगढ़ सेवा समिति और स्थानीय युवाओं ने मिलकर दो घंटे तक कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 8 बजे बच्ची अपने परिजनों के साथ राम जानकी मंदिर दर्शन के बाद चंदन कुंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान बंदरों ने उसके हाथ में रखा थैला झपट लिया जिससे वह डर गई और पैर फिसलने से खाई में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बैगा अशोक वरकड़े, जो पहले भी कई बार इस तरह के अभियानों में शामिल रह चुके हैं, तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके साथ दीनानाथ यादव, सरपंच प्रदीप मरकाम, एसआई आभाष मिंज, आरक्षक देवेंद्र सिंह, वनरक्षक सहीस कपूर और अन्य स्थानीय लोग, लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे।


रेस्क्यू के दौरान तहसीलदार कमलेश मिरी, नायब तहसीलदार आकाश गौतम, रेंजर कमलेश राय, थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर व SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।

SDRF टीम द्वारा स्ट्रेचर के सहारे 650 सीढ़ियां चढ़कर बच्ची को पहाड़ी से नीचे लाया गया। रामनगर पंचायत की एंबुलेंस से उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी उदयपुर और फिर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है।

रामगढ़ की खामियां उजागर:
रामगढ़ में सीढ़ियां अधूरी और खतरनाक हैं। रेलिंग, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था का अभाव अब भी बना हुआ है।

घटना की सूचना पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए रेंजर कमलेश राय को आवश्यक निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *