नव पदस्थ डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

3 Min Read
Advertisement

जशपुर, 28 जनवरी 2026।
पुलिस कार्यालय जशपुर में नव पदस्थ डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार को अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की बारीकी से समीक्षा करते हुए सभी मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

डॉ. सिंह ने जिले में गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों, अंतरराज्यीय मार्गों एवं प्रमुख चेक-पॉइंट्स पर सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ओवर स्पीड, नशे में वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने एवं मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने, सूचना देने वालों की गोपनीयता बनाए रखने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रायपुर की तर्ज पर जिले में भी पुलिस मितान योजना के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।

डीआईजी एवं एसएसपी ने विवेचकों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि विवेचना की गुणवत्ता में सुधार कर दोषसिद्धि का प्रतिशत बढ़ाया जाए। राजपत्रित अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी फरियादी थाना या चौकी से निराश होकर न लौटे। सभी के साथ शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। निगरानी बदमाशों पर सतत नजर रखने, पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त एवं विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कोसले सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *