धान कोचियों पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक–पिकअप–ट्रैक्टर से 342 क्विंटल अवैध धान जब्त

4 Min Read
Advertisement

जशपुर। धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने थाना लोदाम और थाना बागबहार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक, एक पिकअप और एक ट्रैक्टर से कुल 580 बोरी में 342 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 7 लाख 86 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। सभी मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जिले के सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान आमद पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अब तक सरहदी राज्यों से अवैध रूप से लाए जा रहे 06 ट्रक, 19 पिकअप और 01 ट्रैक्टर से 1500 क्विंटल से अधिक धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।

लोदाम थाना क्षेत्र में ट्रक और पिकअप पकड़ा गया
दिनांक 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे, थाना लोदाम पुलिस ने नेशनल हाइवे स्थित आबकारी बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG-14-MD-5550 को रोका। तलाशी में ट्रक से 440 बोरी में 300 क्विंटल धान बरामद हुआ। ट्रक चालक ने अपना नाम एकुल अंसारी (24 वर्ष), निवासी रांची, झारखंड बताया। पूछताछ में वह धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।

इसी क्रम में 18 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे, मुखबिर की सूचना पर ग्राम जकबा में एक पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AR-6813 को रोका गया। वाहन में 40 बोरी में 02 क्विंटल धान लोड था। पिकअप चालक अनुज बखला (23 वर्ष), निवासी जशपुर द्वारा भी धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। झारखंड से धान लाए जाने की आशंका पर पिकअप सहित धान को जब्त कर कार्रवाई हेतु सौंपा गया।

बागबहार थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से धान जब्त
दिनांक 16 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे, थाना बागबहार पुलिस ने ग्राम बिरिमडेगा के पास एक ट्रैक्टर क्रमांक CG-13-AM-6642 को संदिग्ध रूप से धान परिवहन करते हुए पकड़ा। ट्रैक्टर में 100 बोरी में 40 क्विंटल धान लोड था। चालक और मालिक कृष्णा नाग (30 वर्ष), निवासी कुकरगांव धान से संबंधित कोई दस्तावेज या बिक्री टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह के आधार पर ट्रैक्टर सहित धान को जिला प्रशासन को सौंपा गया।

पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, लव चौहान, अरविंद पैंकरा, आरक्षक लक्ष्मण करशाम, मोहन मरकाम, जयताप यादव एवं घनश्याम प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखे हुए है। अवैध धान परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *