जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण क्षेत्र के राहौद में किसान से ढाई लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को बिहार से बिलासपुर में गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर और सारंगढ़ जिलों में कुल सात लूट और उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं में लगभग 9 लाख 83 हजार रुपये की चोरी हुई थी।
जांच में पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और चार फर्जी आधार कार्ड जब्त किए गए।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने बिहार से मोटरसाइकिल चोरी कर उसमें छत्तीसगढ़ का नंबर प्लेट लगाया था। होटल और लॉज में ठहरने के लिए भी फर्जी आधार कार्ड बनवाए गए थे। पिछले कई महीनों से क्षेत्र में इनकी गतिविधियों से लोग परेशान थे।
जांजगीर-चांपा में किसान लूट का पुलिस ने किया खुलासा, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार
