जशपुर : स्कूटी चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद

2 Min Read
Advertisement


थाना कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस ने दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप यादव (28 वर्ष, ग्राम कंडोरा) और राजकुमार यादव (36 वर्ष, ग्राम खारिझरिया) के रूप में हुई है।

मामले का विवरण इस प्रकार है कि 1 सितंबर 2025 को प्रार्थिया ऊषा बाई अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल में भजन कीर्तन के लिए गई थीं। रात्रि लगभग 2 बजे जब वह घर लौटीं तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और आंगन में खड़ी उनकी स्कूटी क्रमांक CG-14ML-1584 गायब थी। स्कूटी की चाबी कमरे में टीवी के पास रखी थी।

प्रार्थिया की शिकायत पर थाना कुनकुरी में आरोपियों के विरुद्ध बी एन एस की धारा 331(3), 305(क) व 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस ने मुखबीर तंत्र की मदद से आरोपियों का पता लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने गिनाबहार, भट्टी रोड में संदीप यादव और राजकुमार यादव को घेरा बंदी कर गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की और बताया कि रात में घर सुनसान देखकर ताले तोड़कर स्कूटी की चाबी लेकर स्कूटी चुरा ली थी।

संदीप यादव और राजकुमार यादव आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ थाना कुनकुरी, नारायणपुर, तपकर और जशपुर में चोरी, लूट, मारपीट सहित कई प्रकरण दर्ज हैं और कई मामलों में वे जेल जा चुके हैं।

मामले की कार्यवाही में थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक नंदलाल यादव और आरक्षक राजकुमार यादव की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और चोरी की स्कूटी बरामद कर ली गई है।



Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *