कांग्रेस की न्याय यात्रा का समापन आज, गांधी मैदान में आयोजित आमसभा में शामिल होंगे सचिन पायलट

3 Min Read
Advertisement

रायपुर। कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस व बीजेपी दोनों ही आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है। एक ओर जहां कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा से भाजपा की धड़कनें बढ़ गई है और वह बेवजह गलत बयानबाजी कर रही है। वहीं बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस पहले अपने प्रदेश अध्यक्ष के साथ न्याय करें। कांग्रेस की यह न्याय यात्रा पद बचाने की यात्रा है।

बीजेपी का कहना है कि इस न्याय यात्रा से कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी गायब है। दोनों पार्टियां जहां एक-दूसरे पर कटाक्ष कर रही है,वहीं न्याय यात्रा के आखिरी दिन बुधवार को इसके समापन पर गांधी मैदान में आमसभा होगी।

बीजेपी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने सवाल किया है कि कांग्रेस के तीनों राज्यसभा सांसद इस न्याय यात्रा से कैसे गायब है। पदयात्रा के फ्लाप होने के कारण ही कांग्रेस प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुलाने मजबूर हो गई है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पायलट, प्रभारी सचिव और वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

कांग्रेस की न्याय यात्रा रायपुर पहुंच गई है और यात्रा का रात्रि सड्डू में होगा। बुधवार को यह गांधी मैदान में विशाल आमसभा में बदलेगी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी सचिन पायलट शास्त्री चौक से यात्रा में शामिल होंगे तथा वे गांधी चौक आमसभा में शामिल होंगे। प्रभारी सचिव एसए संपत कुमार एवं विजय जांगिड़ एवं जरिता लेफतलांग भी आमसभा में शामिल होंगे।

122 किमी की यात्रा पूर्ण

न्याय यात्रा ने पांच दिन में 122 किमी की यात्रा पूरी कर ली है। पांचवे दिन की यात्रा में लोहारीडीह के मृतक प्रशांत साहू, कचरू साहू के परिवार तथा दोंदे के संतोष पटेल के परिवार भी शामिल हुये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चल रही यह यात्रा सारागांव से पहला पडाव सेमरिया और उसके बाद रात्रि विश्राम के लिये सड्डू पहुंची। यात्रा के पांचवे दिन में प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कांग्रेस के बहुत से वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।

पंकज शर्मा के नेतृत्व में सड्डू में हुआ न्याय यात्रा का स्वागत

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस की न्याय यात्रा गिरौदपुरी से रायपुर के सड्डू स्थित ओम शांति निकेतन पहुंची। यहां कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री पंकज शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने न्याय यात्रा का स्वागत किया।

पंकज शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे न्याय यात्रा रायपुर ग्रामीण विधानसभा के सड्डू, दलदलसिवनी एवं मोवा से होकर गांधी मैदान पहुंचेगी। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनता की आवश्यकताओं को भूल गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *