कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने मैनपाट में धान खरीदी व्यवस्था का किया निरीक्षण

Advertisement

किसानों से धान खरीदी व्यवस्था पर लिया फीडबैक

खरीदी प्रक्रिया, टोकन वितरण और भुगतान व्यवस्था की ली जानकारी

अम्बिकापुर, 28 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री विलास भोसकर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल ने आज मैनपाट विकासखण्ड के आदिमजाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कमलेश्वरपुर पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने पंजीकृत किसानों की संख्या, उपार्जन केंद्र में अब तक खरीदे गए धान की मात्रा, टोकन काटने की व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, माइक्रो एटीएम संचालन, तथा नवीन संशोधन एवं पंजीयन की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान विक्रय के बाद किसानों का रकबा समर्पण नियमानुसार और समय पर कराया जाए।

कलेक्टर श्री भोसकर ने खरीदी स्थल पर उपस्थित किसानों से भी संवाद स्थापित कर धान खरीदी की व्यवस्था, टोकन प्राप्ति की प्रक्रिया, तुलाई की सुविधा और भुगतान ट्रांसफर के संबंध में फीडबैक लिया। किसानों ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन प्राप्ति और भुगतान मिलने की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।

कलेक्टर श्री भोसकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की समस्त व्यवस्थाएं पारदर्शी, सुचारू और किसान हित में संचालित हों। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी व्यवस्था को और सुचारू बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शासन के मंशानुरूप किसान हित सर्वोपरि है और धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं की जाएगी।

इस दौरान एसडीएम सीतापुर श्री रामसिंह ठाकुर, खाद्य अधिकारी श्री बी एस कांमठे, जनपद सीईओ श्री कुबेर सिंह, मैनपाट तहसीलदार,सीसीबी नोडल पीसी गुप्ता, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *