आज सुबह खरसिया में भीषण सड़क हादसा, बस कंडक्टर की मौत – 8 यात्री घायल

2 Min Read
Advertisement

रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मदनपुर के पास सदभावना पैसेंजर बस और तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बस कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब बस में करीब 35 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह तहस-नहस हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बस कंडक्टर मोहम्मद अनीश ने उपचार के दौरान एपेक्स हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। घायलों में एक नन्ही बच्ची भी शामिल है, जिसका पैर फ्रैक्चर होने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस तेजी से हरकत में आई। एसडीओपी प्रभात पटेल, टीआई राजेश जांगड़े सहित पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने ट्रैफिक को नियंत्रित किया और स्वयं घायलों को स्ट्रेचर पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली मदद की वजह से कई गंभीर घायलों की जान बच सकी।

पुलिस ने मौके से ही ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पंचनामा तैयार कर जांच को गति दी जा रही है।

प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया। रायगढ़ मीटिंग के लिए निकले एसडीएम प्रवीण तिवारी तुरंत खरसिया लौटे और अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लगातार घायलों के उपचार की निगरानी कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment