अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्ती

4 Min Read
Advertisement

दो अलग-अलग मामलों में दो ट्रैक्टर व एक पिकअप जब्त, 123 क्विंटल धान पकड़ा गया

जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है। इसी क्रम में चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर और एक पिकअप वाहन से कुल 123 क्विंटल धान (306 बोरी) जब्त किया है। दोनों ही मामलों में धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते धान एवं वाहनों को कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

पहला मामला – उपार्जन केंद्र में खपाने की थी तैयारी

दिनांक 13 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दो बिना नंबर के ट्रैक्टरों में भारी मात्रा में धान लोड कर सुजीबहार से बगिया की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी दोकड़ा पुलिस ने सुजीबहार के पास दोनों ट्रैक्टरों को रोककर तलाशी ली।
जांच में दोनों ट्रैक्टरों में 125-125 बोरी, कुल 250 बोरी धान लोड पाया गया।

पूछताछ में ट्रैक्टर चालकों ने अपने नाम यमन बेहरा (24 वर्ष) एवं मुनेश्वर राम (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बगिया बताए। चालकों ने स्वीकार किया कि धान को बगिया क्षेत्र की वेदांश राइस मिल से लोड कर चोंगरीबहार धान उपार्जन केंद्र में किसी अन्य किसान के टोकन पर खपाने की योजना थी।
मामले में धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया। प्रशासन द्वारा राइस मिल की जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर वेदांश राइस मिल को सील कर दिया गया।

दूसरा मामला – झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था धान

दूसरी कार्रवाई 14 जनवरी 2026 को तड़के लगभग 3:00 बजे की गई। मुखबिर की सूचना पर झारखंड से अवैध रूप से धान ला रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक JH-FB-3748) को चोंगरीबहार तीतरमारा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया।
तलाशी में पिकअप से 56 बोरी में कुल 29 क्विंटल धान बरामद हुआ।

पिकअप चालक ने अपना नाम जगरनाथ यादव (42 वर्ष), निवासी कुरडेग, जिला सिमडेगा (झारखंड) बताया। वह धान को झारखंड से कांसाबेल ले जाना बता रहा था, लेकिन धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

लगातार जारी है कार्रवाई

इस प्रकार बीते दो दिनों में जशपुर पुलिस ने दो ट्रैक्टर व एक पिकअप वाहन से कुल 306 बोरी में 123 क्विंटल धान जब्त किया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव, आरक्षक कुलकांत हंसरा एवं संजय साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक 2200 क्विंटल से अधिक धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *