अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्ती, 26 क्विंटल धान के साथ पिकअप वाहन जब्त

2 Min Read
Advertisement

जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की कोशिशों पर जशपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 26 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 59 हजार 800 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर की शाम लगभग 8 बजे लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा सूमो पिकअप वाहन ग्रामीण रास्तों से होते हुए झारखंड से धान लेकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने रूपसेरा-पतराटोली मार्ग पर नाकाबंदी कर पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 65 बोरियों में कुल 26 क्विंटल धान लोड मिला।

पिकअप चालक ने पूछताछ में अपना नाम सचिन गोप (23 वर्ष), निवासी प्रेमनगर, चैनपुर, जिला गुमला (झारखंड) बताया। चालक धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AF-9899 को धान सहित जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में सरहदी रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अब तक जशपुर पुलिस 7 ट्रक, 20 पिकअप और 2 ट्रैक्टरों से कुल 1742 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धान कोचियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *