रायगढ़ में भाई बना हैवान: बहन की बेरहमी से हत्या, मां को भी किया लहूलुहान

Advertisement

रायगढ़, लैलूंगा।
जिले के लैलूंगा थाना अंतर्गत ग्राम रताखंड में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब एक युवक ने अपनी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना बुधवार सुबह की है, जब आरोपी ने पहले बहन को बुरी तरह पीटा और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। वह बेटी की लाश के पास बेहोश हालत में मिली।

मृतका की पहचान उर्मिला राठिया (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी शादी ग्राम पोरडा निवासी दीपक राठिया से हुई थी। पति की मौत के बाद उर्मिला अपने मायके में आकर रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका बड़ा भाई संत कुमार मांझी अक्सर बहन के मायके में रहने को लेकर नाराज रहता था और इसी बात पर अक्सर झगड़े होते थे।

घटना के दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद संत कुमार ने उर्मिला पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। फिर उसे घसीटते हुए घर के भीतर ले गया और वहां रखी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी।

जब मां को होश आया तो उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी संत कुमार मांझी को हिरासत में ले लिया गया है। क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना से शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *