राजधानी में नशे में धुत कार सवारों ने तोड़ा पुलिस बैरिकेड, आरक्षक गंभीर रूप से घायल

By
Advertisement
Advertisement



राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कार सवार युवकों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़ दिया और भागने की कोशिश में यातायात आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, बलेनो कार (CG 04 ML 8357) में सवार दो युवक — सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी — पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगे। रोकने के संकेत के बावजूद चालक ने स्पीड बढ़ा दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर ड्यूटी पर तैनात आरक्षक से जा टकराई। हादसे में हेम कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही यातायात एएसपी प्रशांत शुक्ला मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान यह घटना घटी। दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी युवक किसी क्लब से लौट रहे थे और संभवतः शराब के नशे में थे। उनके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मी को चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

एएसपी शुक्ला ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वाहन में शराब या अन्य नशे के पदार्थ मौजूद थे या नहीं। घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम जारी है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *