नक्सलवाद पर सख्त रुख: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, कहा – 31 मार्च 2026 तक भारत होगा नक्सलमुक्त

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर, 22 जून 2025 – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने रविवार को रायपुर में नक्सल समस्या पर गंभीर मंथन करते हुए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा जैसे नक्सल प्रभावित राज्यों के डीजीपी, एडीजीपी और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान श्री शाह ने कहा, “पिछले डेढ़ वर्ष में छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार और गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक यह है कि इन्होंने लंबे समय से ठहरे हुए नक्सल विरोधी अभियानों को न सिर्फ पुनः सक्रिय किया, बल्कि उसे तेज़ गति और सशक्त रणनीति के साथ आगे बढ़ाया।”

उन्होंने सुरक्षा बलों के पराक्रम और खुफिया एजेंसियों की रणनीतिक सफलता की सराहना करते हुए दोहराया कि “31 मार्च 2026 तक भारत को पूरी तरह नक्सलवादमुक्त बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जाएगा।”

श्री शाह ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा, “हर साल बरसात के मौसम में विश्राम करने वाले नक्सलियों को इस बार चैन की नींद नहीं नसीब होगी। सुरक्षा बलों का अभियान बिना रुके जारी रहेगा।”

साथ ही, गृह मंत्री ने नक्सलवाद के रास्ते पर भटके युवाओं से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की भावुक अपील करते हुए कहा, “सरकार की आत्मसमर्पण नीति उनके लिए एक नया जीवन शुरू करने का अवसर है। हिंसा का रास्ता छोड़कर वे देश की विकास यात्रा में सहभागी बन सकते हैं।”

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि “सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से जो वादे किए हैं, उन्हें न केवल पूरा किया जाएगा, बल्कि उन्हें अपेक्षा से अधिक सहयोग देने का भी प्रयास होगा।”

यह बैठक न केवल केंद्र और राज्य सरकारों की संयुक्त रणनीति को मजबूती प्रदान करती है, बल्कि यह भी स्पष्ट संकेत देती है कि अब नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई अंतिम चरण में है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *