धान खरीदी में 6.55 करोड़ की गड़बड़ी उजागर: जशपुर के कोनपारा उपकेंद्र में FIR, फड़ प्रभारी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र में खरीदी कार्य के दौरान भारी गड़बड़ी की गई। केंद्र के कंप्यूटर रिकॉर्ड के मुताबिक कुल 1 लाख 61 हजार 250 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज है, जबकि मिलों और संग्रहण केंद्रों को मात्र 1 लाख 40 हजार 663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई।

संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में भी मौके पर धान उपलब्ध नहीं मिला। जांच में प्रति क्विंटल 3100 रुपये के हिसाब से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई। इसके अलावा धान पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग नए-पुराने बारदाने की कीमत 17 लाख 7 हजार 651 रुपये बताई गई। इस तरह शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचने का अंदेशा जताया गया है।

इस मामले में खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी भुनेश्वर यादव, समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू, फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र साय, सहायक फड़ प्रभारी अविनाश अवस्थी एवं उप सहायक फड़ प्रभारी चंद्र कुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39 वर्ष), निवासी ग्राम झारमुंडा, थाना तुमला, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी में हुई इस बड़ी अनियमितता को गंभीरता से लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *