धरमजयगढ़ वनमंडल के बोरो रेंज अंतर्गत ग्राम लौटान में गुरुवार देर शाम हाथी के हमले से एक अधेड़ ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मवेशी चराकर घर लौटते समय जंगल में अचानक हाथी से आमना-सामना होने पर हाथी ने ग्रामीण को पैरों तले रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान लोकनाथ यादव के रूप में हुई है। क्षेत्र के सरपंच एवं परिजनों के अनुसार, हाथियों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग द्वारा पूर्व में सूचना दी गई थी, लेकिन आजीविका की मजबूरी के चलते लोकनाथ यादव मवेशी चराने जंगल गए थे। लौटते समय एकल नर हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और कापू थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हमलावर हाथी एकल एवं नर है, जो आसपास के इलाकों में लगातार विचरण कर रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए हाथियों की गतिविधियों की जानकारी लगातार साझा करने की बात कही है। सुरक्षा की दृष्टि से वन अमला क्षेत्र में निगरानी बढ़ाए हुए है और ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
धरमजयगढ़ ब्रेकिंग : हाथी के हमले में अधेड़ ग्रामीण की दर्दनाक मौत
Leave a comment
