देवरी पिकनिक स्पॉट में बड़ा हादसा — नदी में बह गए दो युवक और एक युवती, रेस्क्यू जारी

By

जांजगीर चांपा, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पिकनिक स्थल देवरी में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बिलासपुर से पिकनिक मनाने आए पांच दोस्तों में से दो युवक और एक युवती नदी में नहाते समय तेज बहाव में बह गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के दयालबंद निवासी अंकुर कुशवाहा (28 वर्ष), अशोक नगर निवासी आशीष भोई (26 वर्ष), सरकंडा निवासी युवती स्वर्णा रेखा ठाकुर (30 वर्ष) और मोनिका सिन्हा शनिवार को देवरी पिकनिक मनाने पहुंचे थे। उन्होंने अपने कॉलेज के मित्र अर्जुनी अकलतरा निवासी लक्ष्मी शंकर राय को भी वहां बुलाया था।

शाम के समय सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी में पानी का बहाव तेज हो गया। बताया जा रहा है कि सबसे पहले स्वर्णा रेखा ठाकुर तेज धारा में बहने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में अंकुर कुशवाहा और आशीष भोई नदी में कूद पड़े। लेकिन पानी के तेज बहाव में तीनों ही लापता हो गए। वहीं मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर राय किसी तरह किनारे पहुंचने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पंतोरा चौकी प्रभारी दिलीप सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद डीडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका था।

हादसे की जानकारी मिलते ही बिलासपुर से परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल है। क्षेत्रीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या जलाशयों में बिना सुरक्षा उपायों के नहाने से बचें, क्योंकि हाल के दिनों में पानी के बहाव में अचानक वृद्धि हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *