सक्षम ऐप के बारे में दी गई जानकारी, प्रचार-प्रसार के दिये निर्देश
बलरामपुर । भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर से प्राप्त निर्देश के परिपालन में दिव्यांग मतदाताओं के सुगम एवं समावेशी मतदान हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में जिला स्तर पर गठित समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 572716 मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें से 8751 दिव्यांग मतदाता तथा 4601, 85 आयु वर्ग से अधिक के मतदाता पंजीकृत हैं।

समाज कल्याण विभाग में वर्तमान अवधि में प्रदाय किये गये जानकारी अनुसार 18 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर कुल 6209 दिव्यांगजन पंजीकृत हैं। जिले के समस्त 683 मतदान केन्द्रों में पूर्व लोकसभा/विधानसभा निर्वाचन के दौरान रैंप तैयार किया गया था। यदि निर्मित रैंप में किसी प्रकार का सुधार हो ऐसे चिन्हित मतदान केन्द्रों की जानकारी समिति के सदस्यों के साथ साझा किये जाने हेतु चर्चा की गई।
इस संबंध में जिले के गठित समिति (डिस्ट्रीक्ट मॉनिटरिंग कमेटी एक्सेसीबल इलेक्शन, डीएमसीएई) के सदस्यों को सतत् रूप से विधानसभा स्तर पर गठित समिति से समन्वय करने हेतु भी चर्चा किया गया। बैठक में अवगत कराया गया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा सतत् रुप से दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र तैयार करवाया जाता है,

ऐसे नए दिव्यांगजनों को सूची कैम्प के बाद अथवा मासिक रुप से उनका विवरण/सूची उपलब्ध कराने हेतु चर्चा की गई, ताकि उनका चिन्हांकन मतदाता सूची में किया जा सके। ऐसे दिव्यांग मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है उनका चिन्हांकन कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देशित किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा संचालित मोबाईल एप्लीकेशन सक्षम-ईसीआई, जो केवल दिव्यांग मतदाताओं हेतु लांच किया गया है, जिसके बारे में दिव्यांग मतदाताओं को अवगत कराने तथा बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को उक्त एप्लीकेशन के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समिति के सदस्यों को दिव्यांग मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान प्रक्रिया से जुड़ने हेतु प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग मतदाताओं के लिए मिलने वाली सुविधाओं का सतत् प्रचार-प्रसार करने हेतु चर्चा किया गया।
आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आनन्द राम नेताम, कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग श्री मोहन राम भगत, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. डी.एन.मिश्रा, प्रभारी उप संचालक समाज कल्याण विभाग सुश्री स्टेला खलखो, नगरपालिका अधिकारी श्री प्रणव रायएवं अन्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


