कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र महाराजगंज का किया औचक निरीक्षण

2 Min Read
Advertisement

बलरामपुर, 21 जनवरी 2026/ जिले में किसानों को सुगम खरीदी प्रक्रिया प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा धान खरीदी केन्द्र महराजगंज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी केंद्र में धान खरीदी की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कटारा ने उपार्जन केंद्रों पर खरीदी व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने समिति प्रभारी से अब तक हुई धान खरीदी का ब्यौरा प्राप्त किया। उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, काटे गए टोकन और खरीदे गए धान के विवरण की जानकारी लेते हुए कहा कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

केंद्रों पर मौजूद किसानों से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने उनकी समस्याएं सुनीं और यह जाना कि उन्हें धान बेचने में कोई असुविधा तो नहीं हो रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। कलेक्टर ने केंद्र में धान के उचित रख-रखाव और पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

विदित हो कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन किसानों के हित में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है साथ ही जिले में अवैध धान की आवक को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *