अबूझमाड़ मुठभेड़ के बाद नक्सली चीफ बसवा राजू की डायरी बरामद, DRG जवानों से खौफ में थे नक्सली

By
Advertisement

नारायणपुर, बस्तर। अबूझमाड़ के घने जंगलों में हाल ही में हुई मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सलियों में से एक, नक्सली संगठन के टॉप लीडर बसवा राजू की डायरी बरामद हुई है। सुरक्षाबलों को मौके से मिली इस डायरी ने नक्सली संगठन के भीतर फैले डर और असुरक्षा की परतें खोल दी हैं।

डायरी के पन्नों में DRG यानी डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड को लेकर नक्सली चीफ बसवा राजू ने अपने साथियों को विशेष तौर पर सतर्क रहने की चेतावनी दी है। एक पन्ने पर लाल स्याही से लिखे संदेश में वह अपने साथियों को लिखता है — “जहां भी हो, छिप जाओ… DRG वाले तुम्हें ढूंढकर मार देंगे।”

यह स्पष्ट करता है कि DRG की रणनीति और दबाव से नक्सली संगठन अंदर से डरा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डायरी के अन्य अंशों में भी DRG की कार्यशैली और उनके खिलाफ मुकाबले में नाकामी को स्वीकार किया गया है।

बता दें कि DRG की स्थापना वर्ष 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी। यह बल स्थानीय युवाओं से गठित एक विशेष यूनिट है, जिसे जंगल युद्ध और नक्सल रणनीति की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। वर्तमान में बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों में CRPF, STF, कोबरा, बस्तर फाइटर और बस्तर बटालियन के साथ-साथ DRG की टीम सबसे अग्रिम पंक्ति में कार्य कर रही है।

बसवा राजू की डायरी से मिले संदेश यह दर्शाते हैं कि नक्सल संगठन अब बस्तर में सुरक्षा बलों के आगे कमजोर पड़ने लगा है। सुरक्षाबलों का कहना है कि यह बरामदगी नक्सल गतिविधियों पर लगाम कसने और भविष्य की रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *